
ब्यावरा। श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के 350 वें शहीदी पर्व को भव्य रूप से मनाने के उद्देश्य से गुरुद्वारा राजगढ़ रोड पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.
बैठक में सारंगपुर, पचोर, राजगढ़ एवं नरसिंहगढ़ से आए सिख प्रतिनिधि मंडलों ने सहभागिता की. बैठक में गुरु तेग बहादुर जी के महान बलिदान, मानवता एवं सनातन धर्म की रक्षा में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई. राज्य सरकार द्वारा इस कार्यक्रम को सभी विद्यालय,महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थाओं में श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा.
बैठक में कार्यक्रमों के स्वरूप, प्रचार-प्रसार, संगत की सहभागिता, कीर्तन, विचार गोष्ठी एवं सेवा कार्यों को लेकर अहम निर्णय लिए गये. सभी प्रतिनिधि मंडलों ने एकमत होकर यह पर्व सौ दिवसीय मनाने का संकल्प लिया कि गुरु जी के बलिदान का संदेश हर गांव, हर नगर और हर संगत तक पहुंचाया जाएगा. बैठक का समापन शहीदी पर्व को सफल बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.
