
टीकमगढ़। एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और उसे जबरन धर्म परिवर्तन कर निकाह के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने गुरुवार को मुख्य आरोपी जाबिर खान, उसके पिता, जीजा और मामा समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
कोतवाली थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी जाबिर खान और उसके जीजा शाहरुख खान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपी के पिता अब्बू खान और मामा की तलाश जारी है।कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र चाचौंदिया ने बताया कि पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी जाबिर खान उससे बातचीत करता था और लगातार उससे निकाह करने की बात कहता था। शिकायत के अनुसार, 3 अक्टूबर को जाबिर खान ने पीड़िता से कहा, “चलो भाग चलते हैं। मैं तुमसे निकाह कर अपने मुस्लिम धर्म में मिला लूंगा।” जब पीड़िता ने शादी से इनकार किया तो जाबिर ने उसे जान से मारने और बदनाम कर देने की धमकी दी। पीड़िता ने यह भी बताया कि जाबिर के जीजा शाहरुख खान ने भी उसे धमकी देते हुए कहा था, “तुम जाबिर के साथ निकाह नहीं करोगी तो तुम्हें एवं तुम्हारे परिवार को जान से खत्म कर दूंगा।”
