
भोपाल। मध्यप्रदेश डाक परिमंडल द्वारा डाक टिकट संग्रह को प्रोत्साहित करने और युवाओं में इसके प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से 21 से 23 नवम्बर तक राज्य स्तरीय फिलेटेली प्रदर्शनी ‘मेपेक्स 2025’ का आयोजन किया जा रहा है। फिलेटेली, डाक टिकट संग्रह को ‘किंग ऑफ हॉबीज’भी कहा जाता है। यह एक रोचक और ज्ञानवर्धक शौक है, जिसके माध्यम से लोग देश-विदेश के टिकटों को इकट्ठा करके इनका अध्ययन करते हैं। जिसका
आयोजन सुभाष यादव भवन में किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय आयोजन में देश और विदेश के दुर्लभ डाक टिकट, विशेष आवरण, स्थायी स्मारक टिकट, प्रथम दिवस आवरण और थीमैटिक संग्रह प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 21 नवम्बर को कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए पत्र लेखन, सोलो एवं ग्रुप डांस और फिलेटली वर्कशॉप रखी गई है। 22 नवम्बर को प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, वात्सल्य जैन द्वारा गिटार वादन और फिलेटली वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। जबकि 23 नवम्बर को कक्षा 5 से 8 के विद्यार्थियों के लिए स्टेम्प डिजाइन प्रतियोगिता और पोस्टकार्ड पर पेंटिंग वर्कशॉप होगी। इसी दिन सितार वादन, संस्कृत नाटक और नृत्य प्रस्तुतियां भी होंगी। डिजिटल युग में भी फिलेटेली की लोकप्रियता बनी हुई है। ऐसे में भारतीय डाक टिकटों की विषयगत विविधता इन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान देगी।
