सिंगापुर, (वार्ता) विश्व एक्वेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की तैराकी प्रतियोगिता में महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा के फाइनल में कनाडाई सुपरस्टार सुमर मैकिन्टोश ने लंबी दूरी की तैराकी की क्वीन केटी लेडेकी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं जर्मनी के ओलंपिक चैंपियन और विश्व रिकॉर्ड धारक लुकास मार्टेंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम किया।
कनाडाई सुपरस्टार समर मैकिन्टोश ने महिलाओं के 400 मीटर फाइनल में 3:56.26 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। ओलंपिक रजत पदक विजेता मैकिन्टोश शुरू से आखिरी तक दौड़ में आगे रही और केटी लेडेकी को इस स्पर्धा में अपना पांचवां खिताब जीतने से रोक दिया। चीन की ली बिंगजी 3:58.21 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि लेडेकी ने 3:58.49 के समय के साथ कांस्य पदक जीता। यह मैकिन्टोश के करियर का नौवां लॉन्ग-कोर्स विश्व खिताब है।
पुरुष वर्ग में मौजूदा ओलंपिक 400 मीटर फ्रीस्टाइल चैंपियन लुकास मार्टेंस ने ऑस्ट्रेलिया के 2023 विश्व चैंपियन सैम शॉर्ट को 0.02 सेकंड से हराकर अपना पहला वैश्विक खिताब जीता। विश्व रिकॉर्ड धारक ने 3:42.35 के समय में पहला स्थान हासिल किया। दक्षिण कोरिया के वूमिन किम को कांस्य पदक मिला।
