लॉस एंजिल्स, 30 जुलाई (वार्ता) अमेरिका की जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े भारतीय नागरिक अमृतपाल सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है जिस पर बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की आपूर्ति और साजिश रचने के गंभीर आरोप हैं। एफबीआई के अनुसार, अमृतपाल सिंह (30) कनाडा के वैंकूवर से संचालित होने वाले ‘रविंदर ढांडा संगठित अपराध गिरोह’ का कथित हिस्सा है। यह आपराधिक संगठन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले गिरोहों के लिए बड़ी मात्रा में कोकीन और मेथामफेटामाइन की तस्करी करता है।
मामले में कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट (लॉस एंजिल्स) द्वारा 23 जून 2026 को अमृतपाल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। उस पर नशीले पदार्थों को रखने, बेचने की साजिश रचने और निर्यात करने के आरोप तय किये गये हैं। एफबीआई की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक, सात जनवरी 1996 को जन्मे अमृतपाल सिंह का कद पांच फीट नौ इंच, वजन लगभग 135 पाउंड है और उसकी आंखें एवं बाल काले हैं। एफबीआई के लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस ने इस मामले में आम जनता से मदद मांगी है। एजेंसी ने कहा है कि यदि किसी के पास आरोपी से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो वह स्थानीय एफबीआई कार्यालय, नजदीकी अमेरिकी दूतावास या आधिकारिक वेबसाइट पर सूचना दे सकता है।

