आईटीएम हॉस्पिटल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण, 80 करोड़ से बनेगा कैंसर अस्पताल

ग्वालियर। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को आईटीएम हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर में आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) कॉम्प्लेक्स, कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी आईसीयू (सीटीवीएस आईसीयू) तथा कार्डियक केयर यूनिट (सीसीयू) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने ग्वालियर में 80 करोड़ रुपये की लागत से कैंसर अस्पताल और लगभग 1,000 करोड़ रुपये की लागत से जीआर मेडिकल कॉलेज के व्यापक उन्नयन की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र का समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर को चिकित्सा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दिल्ली या अन्य महानगरों का रुख न करना पड़े। उन्होंने बताया कि जीआर मेडिकल कॉलेज को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की कार्ययोजना तैयार हो चुकी है तथा प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों को एम्स की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को आधुनिक उपचार की सुविधा मिल रही है और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वस्थ भारत का निर्माण भी उतना ही आवश्यक है।

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि अस्पताल केवल उपचार का केंद्र नहीं, बल्कि लोकसेवा का सर्वोत्तम माध्यम हैं। उन्होंने आईटीएम समूह की शिक्षा के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में की गई पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवा भाव और ईमानदारी से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व है।

आईटीएम यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. दौलत सिंह चौहान ने बताया कि नए चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, सीटीवीएस आईसीयू और सीसीयू शुरू होने से अब अस्पताल में जटिल हृदय एवं अन्य सर्जरी भी आधुनिक तकनीक के साथ संभव होंगी। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में अस्पताल में लगभग 2.5 लाख नि:शुल्क ओपीडी, 72 हजार से अधिक ऑपरेशन तथा करीब 10 हजार नेत्र ऑपरेशन किए जा चुके हैं।

कार्यक्रम में आईटीएम यूनिवर्सिटी की कुलाधिपति रुचि सिंह, कुलगुरु प्रो. योगेश उपाध्याय, डॉ. मनीष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, शिक्षाविद और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Next Post

बालाघाट कलेक्टर बनने पर एडीएम कुमार सत्यम को भावभीनी विदाई

Thu Jul 30 , 2026
ग्वालियर। शासन द्वारा बालाघाट का कलेक्टर नियुक्त किए जाने पर अपर कलेक्टर कुमार सत्यम को गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। कलेक्टर रुचिका चौहान ने उनके दो वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने भूमि आवंटन, किसानों को खाद वितरण तथा […]

You May Like