छतरपुर। दरगुवां तिराहा के पास देर रात केला से भरा एक आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक MP 68 ZA 8271 सागर से केला लेकर छतरपुर आ रहा था। रात करीब 12 बजे अचानक सड़क पर मवेशी आ जाने से चालक ने उसे बचाने के लिए ट्रक मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया।
अनियंत्रित ट्रक पहले सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से टकराया और फिर पलट गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर गिर गया। हादसे के बाद आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह रही कि ट्रक चालक सहित किसी अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई। हालांकि ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के लोगों को पूरी रात बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर बदलने और आपूर्ति बहाल करने की कार्रवाई शुरू की गई।
