
ग्वालियर, नगर निगम मुख्यालय सिटी सेंटर में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में पेयजल, सीवर, अतिक्रमण, सफाई, विद्युत, आवास और नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से जुड़े 36 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में वार्ड-62 के ग्राम जहांगीरपुर के निवासियों ने सार्वजनिक मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग की। वार्ड-7 के जगनापुरा निवासी गोपाल कुशवाह ने अवैध कॉलोनी काटे जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं वार्ड-35 के शांति नगर बावन पायगा के रहवासियों ने श्री अपार्टमेंट के आसपास क्षतिग्रस्त जलापूर्ति लाइन को दुरुस्त कराने तथा वार्ड-22 पीएंडटी कॉलोनी के पीछे रहने वाले नागरिकों ने जर्जर सीवर लाइन बदलने की मांग रखी। अपर आयुक्त ने कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
