
सिंगरौली। जिले के बगदरा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बिछी निवासी अपने नानी के घर चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा में तालाब में डूबने से सात वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना 8 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे की बताई गई है। मृतक की पहचान राजकुमार कोल, पिता विकास कोल, उम्र सात वर्ष, निवासी ग्राम बिछी चौकी बगदरा, थाना गढ़वा के रूप में हुई है।
पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार, बालक स्कूल से घर आने के बाद खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक तालाब के गहरे पानी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजन बालक को तालाब से निकालकर घर ले आए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से हुई है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
