होर्मुज में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करना यूरोपीय संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता: उर्सुला

एवियन, 16 जून (वार्ता) फ्रांस के एवियन में चल रहे जी -7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहीं यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करना यूरोपीय संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पश्चिमी एशिया पर केंद्रित एक सत्र के दौरान सुश्री लेयेन कहा, “सबसे पहले, हमें बिना किसी प्रतिबंध के होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता की पूर्ण बहाली सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।”

यूरोपीयी आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि हाल में आये व्यवधानों ने इस क्षेत्र की प्रमुख कमजोरियों को उजागर किया है। इसके साथ ही उन्होंने वैकल्पिक मार्गों और भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) जैसे नए कॉरिडोर विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इस बात को भी रेखांकित किया कि ‘एक स्थिर और शांतिपूर्ण पश्चिम एशिया के लिए एक स्थिर और शांतिपूर्ण लेबनान का होना बेहद जरूरी है।’

जी -7 शिखर सम्मेलन से इतर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल-सिसी के साथ अपनी बैठक के बाद सुश्री लेयेन ने मिस्र के सुधार एजेंडे का समर्थन करने के लिए 1.5 अरब यूरो के नए भुगतान की भी घोषणा की।

सुश्री लेयेन ने मिस्र को ‘अशांति से घिरे इस क्षेत्र में यूरोप के लिए एक स्थिर भागीदार’ बताया और रेखांकित किया कि 2024 की साझेदारी के तहत लगभग आठ अरब यूरो का निवेश पहले ही जुटाया जा चुका है। दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत में पश्चिम एशिया कूटनीति, अमेरिका-इरान समझौते और गाजा में पुनर्निर्माण के प्रयासों को भी शामिल किया गया।

इसके अलावा, सुश्री लेयेन ने एवियन में ही ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से मुलाकात की, जहां उन्होंने पश्चिमी एशिया के घटनाक्रमों, यूक्रेन के लिए निरंतर समर्थन और आगामी यूरोपीय संघ-ब्रिटेन शिखर सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की।

श्री स्टार्मर ने कहा कि अमेरिका-ईरान समझौता लागू होने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही को फिर से सुचारू बनाने में मदद के लिए यूरोप अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक ‘नौसैनिक आश्वासन मिशन’ स्थापित करने पर काम कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस समुद्री मार्ग में आए व्यवधान ने ऊर्जा लागत और घरेलू अर्थव्यवस्थाओं को काफी प्रभावित किया है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने पुष्टि की कि जी -7 चर्चाओं के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने भी यह मुद्दा उठाया गया था, क्योंकि यूरोपीय नेता प्रमुख समुद्री मार्गों को स्थिर करने और इसके आर्थिक नुकसान को कम करने के लिए आपसी प्रयासों का समन्वय कर रहे हैं।

Next Post

वेज बिरयानी में कीड़ा पाए जाने पर स्ट्रीट किचन रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित

Tue Jun 16 , 2026
रीवा,  कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशों के अनुसार खाद्य पदार्थों में मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत लगातार कार्यवाही की जा रही है. इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अम्बरीश दुबे ने बताया कि एक उपभोक्ता को रेस्टोरेंट स्ट्रीट किचन द्वारा जोमैटो के माध्यम से वेज बिरयानी भेजी गई […]

You May Like