पेरिस, 13 जुलाई (वार्ता) फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज़ ने सोमवार को कहा कि यहां के समीपवर्ती फॉन्टेनब्लू जंगल इलाके में भीषण आग लगने के बाद लगभग 900 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
मुख्य रूप से जंगल से सटे रिहायशी इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाला गया है और अब तक किसी के हताहत होने या घरों को नुकसान पहुंचने की कोई रिपोर्ट नहीं है।स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रविवार शाम को लगी आग ने लगभग 800 हेक्टेयर जंगल को जलाकर राख कर दिया है जो पूरे वन क्षेत्र का लगभग पांच प्रतिशत हिस्सा है। श्री नुनेज़ ने इस आग को असाधारण एवं अभूतपूर्व बताया है।
गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज़ ने कहा कि अधिकारी यह भी जांच कर रहे है कि क्या यह आग जान-बूझकर तो नहीं लगाई गई थी। श्री नूनेज़ ने कहा, “कल शाम कई जगहों पर आग लगी और एक किलोमीटर के दायरे में लगभग दस स्थानों पर आग लगी थीं जिससे पता चलता है कि शायद इसे जान-बूझकर लगाया गया था।” भीषण गर्मी के बीच फ्रांस में जंगल की आग तेज़ी से फैल रही है जिससे निपटने के लिए दूसरे इलाकों की टीमों समेत लगभग 500 दमकलकर्मियों को तैनात किया गया है। फ्रांसीसी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जलवायु परिवर्तन के कारण बढ़ते तापमान से ऐसी गंभीर प्राकृतिक आपदाएं और अधिक हो सकती हैं।
