कोलकाता, 27 जुलाई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई ने राज्य में देश-विरोधी तत्वों के सक्रिय होने का मुकाबला करने के लिए सोमवार को ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली।
भाजपा के बड़े नेताओं अग्निमित्रा पॉल, तापस रॉय, सजल घोष और तमाघना घोष ने हाथों में बैनर, पोस्टर और राष्ट्रीय ध्वज लिए यह रैली सियालदह से एस्प्लेनेड और जादवपुर से गोलपार्क तक निकाली। मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को एस्प्लेनेड में ‘कॉकरोच पार्टी’ के हालिया आंदोलन के दौरान छात्र आंदोलन की आड़ में कुछ देश-विरोधी ताकतों के सक्रिय होने की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने सरकार के किसी भी तरह के लोकतांत्रिक आंदोलन के लिए तैयार रहने की बात कही लेकिन उन्होंने कड़ी चेतावनी दी कि देश को बांटने की कोशिश करने वाली अलगाववादी ताकतों से सख्ती से निपटा जायेगा। इस मौके पर राज्य के उद्योग मंत्री तापस रॉय ने कहा, “देश की अखंडता से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। हम किसी भी कीमत पर अलगाववादी ताकतों के मंसूबों को नाकाम कर देंगे। हम देश को बांटने की किसी भी योजना को बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
भाजपा का कहना है कि ‘तिरंगा यात्रा’ कोई अलग-थलग घटना नहीं है बल्कि पार्टी की राष्ट्रवादी सोच को आगे बढ़ाने की एक बड़ी पहल का हिस्सा है। दिलचस्प बात यह है कि ‘तिरंगा यात्रा’ के साथ-साथ राज्य सरकार 9 से 17 अगस्त तक पूरे राज्य में राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान भी आयोजित करेगी। राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद यह इस तरह का पहला बड़े पैमाने पर आयोजन होगा।
