
सिंगरौली। शारदीय नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंगरौली पुलिस ने शुक्रवार को जिलेभर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा की उपस्थिति में करीब 150 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सड़कों पर उतरे। पुलिस बल ने बैढ़न, विंध्यनगर और नवानगर थाना क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौराहों, धार्मिक आयोजन स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का संदेश दिया।
जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी संबंधित अधिकारियों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना रहा। पुलिस अधिकारियों ने धार्मिक आयोजनों के शांतिपूर्ण संचालन और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों को नियमित पैदल गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश दिए। दुर्गा पूजा पंडालों और आयोजन स्थलों पर महिला एवं बालिका सुरक्षा के साथ विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
पुलिस ने आयोजन समितियों से पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित प्रवेश-निकास मार्ग और अग्निशमन के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की है।
सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से नवरात्रि एवं आगामी त्योहार श्रद्धा, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या डायल-112 पर देने का आग्रह किया।
फ्लैग मार्च में एसडीओपी सिंगरौली अमित कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार, रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी सहित विभिन्न थानों के प्रभारी, चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मी शामिल