
सीधी।शहर के समीप तिलक नगर पड़रासीधी के उर्मिलेश्वर धाम में परम पूज्य दंण्डी स्वामी निर्भयानंद महराज के परम सानिध्य में श्रीकृष्ण लीला प्रचार मंडल श्रीधाम वृंदावन कालीदह के व्यास स्वामी बृजेश शर्मा की मंडली के द्वारा श्रीकृष्ण रासलीला की मनमोहक प्रस्तुति दी जा रही है। उर्मिलेश्वर धाम में 18 फरवरी से 26 फरवरी तक रासलीला का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान लोक संगीत एवं फाग गीतों की प्रस्तुति भी की जाएगी। उक्त रासलीला का शुभारंभ बुधवार को किया गया। जिसमें समाजसेवी विनय कुमार सिंह परिहार एवं साथियों के द्वारा भगवान श्रीराधा कृष्ण युगल सरकार की आरती कर वृंदावन से आए समस्त रासलीला के कलाकारों को सम्मानित किया गया। प्रथम दिवस पर निकुंज की श्रीराधा कृष्ण एवं उनकी अष्ट सखियों के द्वारा रासलीला का मंचन किया गया। तत्पश्चात कंस संवाद, देवकी वसुदेव विवाह एवं कृष्ण जन्म की लीला की प्रस्तुति श्रीराम कृष्ण लीला प्रचार मंडल श्रीधाम वृंदावन के द्वारा किया गया। जिसमें ठाकुर जी श्रीकृष्ण की भूमिका दीवेश शर्मा, श्री जी की भूमिका नैतिक शर्मा, श्री जी की अष्ट सखियों की भूमिका में करण शर्मा, गोविंद शर्मा, रवि शर्मा, राजू शर्मा, देव कुमार शर्मा, रामवीर शर्मा ने मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके साथ ही कान्हा जी दिगंबर शर्मा, हरीष शर्मा, छोटू मिश्रा, ऋषि मिश्रा ने भी मनपसंद अभिनय किया। श्रीराम कृष्ण प्रचार मंडल श्रीधाम वृंदावन कालीदह के व्यास बृजेश शर्मा जी के निर्देशन व मार्गदर्शन में सभी कलाकारों में अपनी-अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियां रासलीला के दौरान दी। उक्त रासलीला में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर बाल लीला, बृज लीला, द्वारिका लीला सहित अन्य लीलाओं का मंचन प्रति दिन शायं 7 बजे से उर्मिलेश्वर धाम तिलकनगर पड़रा में किया जाएगा।
कल होगी संगीत की प्रस्तुति
उर्मिलेश्वर धाम तिलक नगर पडऱा सीधी में चल रहे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में कल राष्ट्रीय लोक गायिका सुश्री मान्या पाण्डेय के द्वारा लोक गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही 23 फरवरी को प्रशिद्ध लोक गायक नारेन्द्र बहादुर सिंह के निर्देशन में फाग गीतों की प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही लोक नृत्य, लोक वाद्य एवं जनजातीय गीतों की भी प्रस्तुति की जाएगी। इस संंबंध में जानकारी देते हुए समाजसेवी विनय कुमार सिंह परिहार ने बताया कि उर्मिलेश्वर धाम तिलक नगर में 17 फरवरी से 26 फरवरी तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किया जा रहा है। जिसमें रासलीला, लोक संगीत के आयोजन के साथ 26 फरवरी को शिवलिंग की स्थापना एवं विशाल भंडारा का आयोजन किया गया है। उन्होने बताया कि हमारे परम पूज्य गुरुदेव दण्डी स्वामी निर्भयानंद सरस्वती के सानिध्य में पहली बार शहर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हो रहा है। विनय कुमार सिंह ने शहर एवं जिले के समस्त आम जनों से उक्त रासलीला में पहुंचने की अपील की है।
