
सिंगरौली । सनातन धर्म में देवउठनी एकादशी अथवा देवोत्थान एकादशी का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि कल दिन शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का पावन पर्व श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाएगा।
मान्यता है कि इस दिन सृष्टि के पालनहार भगवान श्रीहरि विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और मांगलिक एवं वैवाहिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हो जाता है। ज्योतिषविद् पं. डॉ. एनपी मिश्र महाप्रबंधक शिवधाम मंदिर बैढ़न के अनुसार देवउठनी एकादशी को हरिप्रबोधिनी एकादशी और देवोत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आषाढ़ शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को जागृत होते हैं। इस दिन भगवान विष्णु का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर उन्हें योगनिद्रा से जगाया जाता है। इस पावन अवसर पर तुलसी एवं भगवान शालिग्राम का विवाह उत्सव परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है। घरों एवं मंदिरों में तुलसी विवाह का आयोजन किया जाता है।
तुलसी विवाह का विशेष महत्व
देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ कराया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार तुलसी विवाह कराने से घर-परिवार में सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल का आगमन होता है। यह आयोजन भगवान विष्णु एवं माता तुलसी के प्रति श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। डॉ. एनपी मिश्र के अनुसार देवउठनी एकादशी केवल एक व्रत एवं त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और पारिवारिक संस्कारों को जीवंत रखने वाला पावन पर्व है। इस दिन व्रत, पूजन, दान-पुण्य एवं भगवान विष्णु के स्मरण से विशेष पुण्यफल प्राप्त होने की धार्मिक मान्यता है।
