पश्चिमी एशिया से 9,000 अमेरिकी नागरिकों को निकाला गया : रूबियो

वॉशिंगटन, 04 मार्च (वार्ता) अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बुधवार को कहा कि ईरान के साथ जारी संघर्ष शुरू होने के बाद से अमेरिका ने पश्चिमी एशिया से लगभग 9,000 अमेरिकी नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की है, और करीब 1,500 लोग अब भी निकासी के लिए सहायता मांग रहे हैं। श्री रूबियो ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जिन अमेरिकी नागरिकों को मदद की आवश्यकता है, उनके लिए सरकार के साथ पंजीकरण कराना महत्वपूर्ण है, ताकि अधिकारियों को उनकी स्थिति और संपर्क विवरण की जानकारी मिल सके और जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि करीब 1,500 अमेरिकी नागरिकों ने क्षेत्र से निकलने के लिए सहायता का अनुरोध किया है। इनके लिए चार्टर्ड उड़ानों, सैन्य विमानों और विस्तारित वाणिज्यिक उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत एयरलाइनों के साथ समन्वय कर बड़े विमानों और अधिक सीटों की व्यवस्था भी की जा रही है।

श्री रूबियो ने कहा कि निकासी अभियान में हवाई क्षेत्र का बंद होना सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी विदेश विभाग चार्टर्ड उड़ानों, सैन्य उड़ानों, वाणिज्यिक उड़ानों के विस्तार और खुले हवाई अड्डों वाले पड़ोसी देशों तक जमीनी रास्तों के संयोजन से लोगों को निकालने की कोशिश कर रहा है।
श्री रूबियो कहा कि कुछ मामलों में विमान हवा में होने के दौरान अचानक हवाई क्षेत्र बंद हो जाने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि दुबई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास सहित कुछ राजनयिक प्रतिष्ठानों पर हमले हुए हैं, लेकिन सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इज़रायल द्वारा ईरान पर किये गये हमलों तथा इसके जवाब में ईरान द्वारा खाड़ी देशों में जवाबी कार्रवाई के बाद पश्चिम एशिया में तनाव काफी बढ़ गया है, जिससे क्षेत्रीय और वैश्विक शांति एवं स्थिरता पर खतरा पैदा हो गया है।

Next Post

ईरान पर इजरायल का दसवां बड़ा हमला; लेबनान में भी भारी बमबारी

Wed Mar 4 , 2026
तेल अवीव/वाशिंगटन, 04 मार्च (वार्ता) इजरायल ने बुधवार को युद्ध के पांचवे दिन ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करते हुए ‘दसवें दौर’ के हमलों की शुरुआत कर दी। इसके साथ ही इजरायली सेना लेबनान में भी लगातार बमबारी कर रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है […]

You May Like