नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 6 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में सहकारिता मंत्रालय के 5वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सहकार से समृद्धि” विजन पर आधारित इस समारोह में सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ, लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
समारोह की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 50,000 प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) का ई-पैक्स में रूपांतरण शामिल है, जिसे सहकारिता क्षेत्र के डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अमित शाह 135 अन्न भंडारण गोदामों का हस्तांतरण, 85 गोदामों का लोकार्पण तथा 47 नए गोदामों का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा अमूल और NCCF के सहकार वन, बाराबंकी और जलगांव में BBSSL की टिश्यू कल्चर सुविधाओं, NCD 3.0, जियो-टैग मोबाइल ऐप, NDDB के मिल्क सप्लाई डैशबोर्ड, सहकार CBS और AI आधारित ‘सहकार सहयोगी’ प्लेटफॉर्म सहित कई डिजिटल एवं संस्थागत पहलों का शुभारंभ होगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह), राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर एवं मुरलीधर मोहोल सहित विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और देशभर की सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
