देवास: मध्यप्रदेश में देवास जिले के बीएनपी थाना क्षेत्र में महिलाओं को काम, मशीन और ऋण दिलाने का झांसा देकर कथित रूप से ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के विरुद्ध पूर्व में भी प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिली है।पुलिस सूत्रों के अनुसार क्षेत्र की महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इंदौर निवासी एक महिला ने उन्हें लौंग, सुपारी, इलायची सहित अन्य सामग्रियों की पैकिंग का काम दिलाने का प्रस्ताव दिया था। आरोपी ने प्रत्येक पैकेट पर मेहनताना देने का भरोसा दिलाते हुए पंजीयन के नाम पर राशि जमा कराई थी।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार करीब 50 महिलाओं के अलग-अलग समूह बनाए गए। शुरुआत में पंजीयन शुल्क लिया गया और बाद में सामग्री उपलब्ध कराने तथा काम बढ़ाने के नाम पर भी धनराशि जमा कराई गई। इसके अलावा लघु उद्योग के तहत ऋण और मशीन उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर भी महिलाओं से रुपये वसूले गए।
महिलाओं का आरोप है कि राशि लेने के बाद आरोपी महिला ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और न तो कोई काम उपलब्ध कराया तथा न ही जमा की गई राशि लौटाई। इसके बाद पीड़ित महिलाएं एकजुट होकर लगभग 15 दिन पूर्व बीएनपी थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।
बीएनपी थाना प्रभारी प्रीति कटारे ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद राहत महसूस कर रही महिलाओं ने बीएनपी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी प्रीति कटारे का सम्मान किया और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने कुल कितने लोगों से राशि वसूली तथा इस कथित ठगी में अन्य व्यक्तियों की भी संलिप्तता है या नहीं।
