
सिंगरौली । सरई थाना क्षेत्र के पुरैल गांव में सोमवार को महिला चन्द्रवती साकेत उम्र 30 वर्ष एवं दूसरे दिन मंगलवार को उसके पति का जंगल के झाड़ी में फांसी के फंदे पर शव मिलने से सनसनी फैल गई। इस घटना के बाद महिला एवं पुरूष के परिजनों ने जमकर बवाल करते हुये पुलिस के साथ भी हाथापाई की।
जानकारी के अनुसार महिला चन्द्रवती का फांसी के फंदे पर शव मिला था। जहां मायके पक्ष ने महिला की मौत को आत्महत्या मानने से इंकार करते हुए हत्या की आशंका जताई। मायके पक्ष द्वारा महिला की मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच के बाद पीएम कराने की मांग की गई, जिसके चलते कल पीएम नही हो सका। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी की इसी बीच आज मंगलवार को मृतिका के पति संतोष साकेत उम्र करीब 34 वर्ष का शव भी गांव के जंगल में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पति की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। एक ही परिवार में लगातार दो मौतों से ग्रामीणों और दोनों पक्षों के परिजनों में हड़कंप मच गया। संतोष के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर सरई थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह मस्कोले, बरका पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल पर कुछ परिजनों द्वारा पुलिस की कार्यवाही को लेकर विरोध किया गया और 12 घंटे सड़क को जाम कर दिया। दोनों शवों का पीएम कल बुधवार को सरई सीएससी में होगा।
पुलिस कर्मियों के साथ झड़प, अतिरिक्त बल तैनात
बरका चौकी प्रभारी शिव कुमार सोनवानी के साथ कुछ महिलाओं ने झड़प की तथा पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने परिजनों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों एवं जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। वहीं मौके पर कुछ लोगों द्वारा थाना प्रभारी के वाहन के चारों पहियों की हवा निकालने की बात भी सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
चार बच्चों के पालन-पोषण पर सबकी चिंता
इस घटना से परिवार के चार बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया जा रहा है कि मृतक दंपती के चार बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब 10 वर्ष से कम है। दोनों की मौत के बाद चारों बच्चे अनाथ हो गए हैं। परिवार की इस त्रासदी से गांव में भी शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस दोनों मौतों की परिस्थितियों और उनके बीच संभावित संबंधों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पत्नी की मौत हत्या थी या आत्महत्या और उसके बाद पति ने किन परिस्थितियों में फांसी लगाई, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच घटनास्थल से जुटाए गये साक्ष्य एवं पीएम रिपोर्ट का इंतजार है।
