सतना:देश की राजधानी के प्रमुख स्थल लाल किले के निकट हुए ब्लास्ट की जानकारी सामने आने के बाद सतना और मैहर पुलिस हाई अलर्ट पर रही. इस दौरान एउक ओर जहां प्रमुख स्थानों की चौकसी बढ़ा दी गई वहीं दूसरी ओर मार्ग से गुजरने वाले वाहनों की जांच की गई. इसके अलावा विशेष सतर्कता बरतते हुए रेलवे स्टेशन सहित शहर के होटल और धर्मशाला में आने वाले सभी लोगों की पहचान सुनिश्चत की जा रही है.
दिल्ली में लाल किले के निकट हुए ब्लास्ट के बाद केंद्र सराकर द्वारा सभी राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया. जिसके चलते यह अलर्ट भोपाल से होते हुए सतना तक भी पहुंचा. मुख्यालय से प्राप्त आदेश के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने फौरन ही एएसपी शहर व ग्रामीण, सीएसपी, जिले के एसडीओपी सहित सभी थाना प्रभारियों को विशेश सतर्कता बरतने के निर्देश दे दिए गए. जिसे देखते हुए शहर सहित जिले भर के प्रमुख मार्ग, धार्मिक स्थल और सार्वजनिक महत्व के स्थलों पर पुलिसब बल ने विशेष निगरानी शुरु कर दी. इसी कड़ी में शहर सहित जिले भर के विभिन्न मार्गों पर पुलिस की पेट्रोलिंग भी बढ़ गई.
पुलिस की विभिन्न टीमें एक ओर जहां विभिन्न होटल लॉज, ढाबा, धर्मशाला और रैनबसेरा जैसे स्थानों पर पहुंच गईं. जहां पर ठहरे हुए लोगों के सामान की जांच करने के साथ ही सभी की पहचान सुनिश्चत की गई. इसके साथ ही शहर सहित जिले भर के विभिन्न मार्गों पर पुलिस द्वारा बैरीकेटिंग लगाकर वाहनों की जांच की गई. इस दौरान वाहनों की डिग्गी में रखे सामान की विशेष तौर पर जांच की गई. इसके अलावा पुलिस के वज्र वाहन और डायल 112 वाहन भी विभिन्न स्थानों पर गश्त करते रहे. इस दौरान आने जाने वाले लोगोंंंं से पूछताछ कर उनकी पहचान सुनिश्चत की गई.
मेटल डिटेक्टर से हुईं जांच
दिल्ली ब्लास्ट के बाद जारी अलर्ट के चलते सतना रेलवे स्टेशन पर भी विशेष निगरानी शुरु कर दी गई. स्टेशन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों की सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ अमले ने गश्त बढ़ा दी. इसी कड़ी में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने रेलवे प्लेटफार्म, सकुलेटिंग क्षेत्र, पार्किंग क्षेत्र सहित परिसर के सभी स्थानों की बारीकी से जांच शुरु कर दी. पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की तस्दीक करने का भी प्रयास किया गया. वहीं दूसरी ओर रेलवे स्टेशन से जाने वाले और उतरने वाले पार्सल की मेटल डिटेक्टर के जरिए जांच की गई. इसके अलावा रेलवे स्टेशन परिसर में यह उद्घोषणा भी कराई गई कि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नजर आने पर फौरन पुलिस को सूचित किया जाए.
मैहर मंदिर में विशेष निगरानी
दिल्ली ब्लास्ट के बाद पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह से प्राप्त निर्देशों के आधार पर सीएसपी महेंद्र सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी और देवीजी चौकी प्रभारी संतोष उल्हाड़ी पुलिस बल के साथ मैहर मंदिर व मेला परिसर पहुंच गए. पुलिस द्वारा वाहन पार्किंग, सीढ़ी मार्ग, सडक़ मार्ग व रोपवे सहित मेला परिसर में स्थित सभी महत्वपूर्ण स्थानों की विशेष जांच की गई. इस दौरान दुकानदारों सहित आने जाने वाले श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की फौरन सूचना दिए जाने की अपील की गई. इसके अलावा मैहर मंदिर की ओर आने और जाने वाले वाहनों को भी रोककर उसमें रखे सामान की सघन जांच की गई.
