भोपाल, 29 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि गैर राजनीतिक पृष्ठभूमि के लोग अपनी प्रतिभा के मुताबिक जनकल्याण के कार्यों में लग सकें, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी ऐसे लोगों को पार्टी से जोड़ रही है।
डॉ यादव ने यहां पार्टी के ‘आई एम बीजेपी फ्यूचर फोर्स’ के तहत दो दिवसीय बूट कैंप की शुरूआत की और युवा प्रोफेशनल्स को संबोधित किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भी सभी को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने इसके बाद संवाददाताओं से कहा कि पार्टी ने पहले भी सदस्यता अभियान चलाया था, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लोग भारतीय जनता पार्टी से जुड़े। उसके बाद अब, सभी प्रकार के व्यवसायों में लगे लोग राजनीति में रुचि लें और राजनीतिक तंत्र को समझें, अपनी प्रतिभा के अनुसार लोगों के कल्याण और सेवा कार्य में लगें, इसलिए भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर एक लाख ऐसे लोगों को जोड़ रहे हैं, जिनकी किसी प्रकार की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है।
वहीं इस कैंप के बारे में डॉ यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, ”हमारे ऊर्जावान युवा, इंजीनियर्स, डॉक्टर्स एवं विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रोफेशनल्स के राजनीति में आने से जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्पों की सिद्धि को नव गति मिलेगी। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में कर्मशील युवा वर्ग विकसित भारत के ध्येय प्राप्ति में सहगामी बनेंगे। यह दो दिवसीय बूट कैम्प निश्चित रूप से इस उद्देश्य को पूर्ण करने में अभूतपूर्व सिद्ध होगा। बूट कैम्प में सहभागिता कर रहे सभी साथियों को शुभकामनाएं देता हूँ।”
