
दतिया। दतिया नगर पालिका परिषद की बजट बैठक में खूब हंगामा मचा।अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित 19 महिला पार्षद हैं। जब नपा का बजट सम्मेलन आयोजित हुआ तो इसमें अध्यक्ष शांति ढेंगुला और उपाध्यक्ष रजनी सक्सेना को मिलाकर सिर्फ 4 महिला पार्षद ही पहुंचीं। शेष महिला पार्षदों के पुरुष परिजन सम्मेलन में पहुंचे और बैठक में सक्रिय भूमिका निभाते हुए सवाल-जवाब भी किए। बैठक में पार्षद बोले कि कर्मचारी फोन नहीं उठाएगा तो उसका मुंह काला कर मारते हुए नीचे लाएंगे। वार्ड 22 के पार्षद सरमन कुशवाहा ने कहा- सीएमओ साहब! आपने किसी भी पार्षद के सवाल का जवाब नहीं दिया, आपको पार्षदों की बात गंभीरता से लेना चाहिए लेकिन आपने परिषद का मजाक बनाकर रख दिया। कोई भी कर्मचारी यहां किसी भी पार्षद को गंभीरता से नहीं लेता है।
नपा अध्यक्ष शांति ढेंगुला की अध्यक्षता में आयोजित बजट सम्मेलन में नपा अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर पार्षद जमकर बिफरे। लगभग 2 घंटे चले सम्मेलन में सम्मेलन के एजेंडा में रखे गए एक भी विषय पर चर्चा नहीं की गई। शहर की समस्याओं को लेकर ही पार्षद मुद्दे उठाते रहे। पार्षद ब्रजेश यादव, अक्कू, रिंकू, दीपू, कानू तिवारी, राकेश साहू ने पानी को लेकर जमकर हंगामा किया। इन पार्षदों ने कहा कि अभी गर्मी की शुरुआत हुई है और चार-पांच दिन में पानी मिल रहा है।
