नयी दिल्ली, 21 जुलाई (वार्ता) कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस द्वारा अत्यधिक बल प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की गयी है। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला की खंडपीठ के समक्ष इस याचिका का सोमवार को उल्लेख किया गया था। जल्द सुनवाई से इनकार करते हुए पीठ ने टिप्पणी की, “न्यायालय को इस सब में मत घसीटिए। यह मामला कल सूचीबद्ध होगा।”
सोमवार को संसद मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया था और आंसू गैस के गोले छोड़े थे। कुछ स्थानों पर झड़प में कई प्रदर्शनकारी घायल हो गये थे। पुलिस का कहना है कि एक सौ से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गये थे। दिल्ली पुलिस ने कहा कि सीजेपी के संसद मार्च के दौरान हुई पथराव और तोड़फोड़ के संबंध में पांच प्राथमिकियां दर्ज की गयी हैं। पुलिस के अनुसार प्रभावित इलाकों के वीडियो फुटेज का इस्तेमाल कर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

