इंदौर: हीरानगर थाना क्षेत्र के गौरी नगर में एक 22 वर्षीय महिला ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के समय पति शहर से बाहर था, जबकि रिश्तेदार 11 माह की बच्ची को लेकर सब्जी लेने निकले हुए थे. घर लौटने पर घटना का पता चला.मृतका की पहचान 22 वर्षीय सोनम पति रवि, निवासी गौरी नगर के रूप में हुई है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है.
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतका के पति रवि ने पुलिस को बताया कि वह ललितपुर अपनी नानी की तेरहवीं में शामिल होने गया था. वापसी के दौरान पत्नी सोनम से उसकी वीडियो कॉल पर सामान्य बातचीत हुई थी और किसी तरह का तनाव महसूस नहीं हुआ था. इधर, घर पर मौजूद सोनम की बुआ 11 महीने की बच्ची को लेकर सब्जी लेने बाहर गई थीं.
इसी दौरान सोनम ने कमरे में फांसी लगा ली. बुआ जब वापस लौटीं तो सोनम को फंदे से लटका देखकर तुरंत मदद ली और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर पति सहित परिजनों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है. पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की पड़ताल कर रही है.
