
भानपुरा। मंदसौर जिले की भानपुरा तहसील स्थित ग्राम कंवला का डूब क्षेत्र, जिसे ‘मिनी गोवा’ के नाम से पहचान मिली है, एक बार फिर चर्चा में है। जिला प्रशासन द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और फोटो में पर्यटक ऊंची चट्टानों से गहरे पानी में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों में इस क्षेत्र में डूबने की कई घटनाएं हुई हैं। जुलाई 2025 में राजस्थान के कोटा जिले के दो युवकों की डूबने से मौत के बाद जिला प्रशासन ने इस डूब क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके लिए मार्ग पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए थे।
हालांकि, प्रतिबंध के बावजूद मध्यप्रदेश, राजस्थान सहित अन्य राज्यों से पर्यटकों का यहां पहुंचना जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मौके पर न तो पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था है, न ही गोताखोरों या बचाव दल की तैनाती की गई है। ऐसे में किसी भी संभावित दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे वीडियो यह संकेत दे रहे हैं कि प्रतिबंध के प्रभावी पालन और निगरानी के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
