इंदौर: अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में कॉपीराइट उल्लंघन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एप्पल कंपनी के नकली मोबाइल एक्सेसरीज बेचने के मामले में एक दुकानदार सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये का नकली माल जब्त किया है.शिकायतकर्ता विशाल सिंह पिता हीरा सिंह जड़ेजा निवासी अहमदाबाद द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई की गई.
बुधवार शाम करीब 5.30 से 7.30 बजे के बीच नरेन्द्र तिवारी मार्ग स्थित एक दुकान पर छापा मारकर एप्पल कंपनी के लोगो लगे नकली मोबाइल एक्सेसरीज जब्त किए. जांच में सामने आया कि आरोपी दुकानदार एप्पल ब्रांड के नाम पर कवर, हैंडफ्री, केबल, चार्जर, हेड एडेप्टर और यूएसबी केबल बेच रहा था, जो असली नहीं थे. पुलिस ने मौके से एप्पल कंपनी के लोगो लगे नकली मोबाइल एक्सेसरीज बरामद की, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 86 हजार 500 रुपये बताई जा रही है.
मामले में आरोपी दुकानदार अमन तलरेजा, मोहित सिगोरिया, योगेश जय सिंघानी, विशाल मोटवानी और कानतेश चुग को आरोपी बनाया है. अन्नपूर्णा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट धारा तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि यह माल कहां से सप्लाई किया जा रहा था और इसके पीछे कौन कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है.
