
आलीराजपुर। देश में बढ़ती बेरोजगारी, बेलगाम महंगाई, व्यापक भ्रष्टाचार, पेपर लीक और किसानों की समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस 7 जून को जिला मुख्यालय पर बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेगी। इस आंदोलन में युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिंब विशेष रूप से शामिल होंगे। युवा कांग्रेस द्वारा जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसमें जिले और आसपास के शहरों से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होंगे ।
राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश नेताओं के आगमन और प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को स्थानीय पटेल फार्म हाउस पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मप्र आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल, विधायक सेना पटेल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज पटेल, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष तरुण मंडलोई सहित जिलेभर के कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे ।
बैठक को संबोधित करते हुए आदिवासी विकास परिषद उपाध्यक्ष महेश पटेल और विधायक सेना पटेल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से युवा, किसान और आमजन परेशान हैं। रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं, महंगाई चरम पर है और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। ऐसे मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस सड़क पर उतरकर जनता की आवाज बुलंद करेगी।
बैठक मे जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने 7 जून के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान करते हुए अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन युवाओं के अधिकारों और जनहित के मुद्दों की लड़ाई का मजबूत मंच बनेगा। बैठक में जिला कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर ने कार्यक्रम की रूपरेखा, जिम्मेदारियों के वितरण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि 7 जून को होने वाला प्रदर्शन जिले के राजनीतिक इतिहास के सबसे बड़े युवा आंदोलनों में से एक होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेंद्र टवली, सानी मकरानी, सुरेश सारडा, सरदार अजनार, मदन डावर, खुर्शीद अली दिवान, कैलाश चौहान, हरीश भाभर, अंगरसिंह चौहान, नगरसिंह वसुनिया, शब्बीर बोहरा, अरविंद भाई बबलू, जीतू अजनार, किशन मंडलोई, संजय चौहान, सोनू वर्मा, अजहर चंदेरी, लक्की राठौड़, इरफ़ान मंसूरी सहित बड़ी संख्या मे नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे|
