
ग्वालियर। आमजन की सुरक्षा का जिम्मा उठाने वाले एक पुलिस जवान ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उसने चरित्र शंका के चलते अपनी ही पत्नी पर अत्याचार किया और सोते समय उसे गर्म प्रेस से बुरी तरह जला दिया। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी पुलिस जवान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी शादी को लगभग 14 साल बीत चुके हैं और उनके दो बच्चे भी हैं। वह अपने परिवार के साथ माधवगंज थाना क्षेत्र स्थित एसएएफ के शासकीय आवास में रहती है। पीड़िता के मुताबिक उसका पति उस पर बुरी तरह शक करता है। अगर वह घर से बाहर जाए या किसी से फोन पर बात भी कर ले, तो पति मारता-पीटता है।
घटना रात करीब 2 बजे की है। पीड़िता जब गहरी नींद में सो रही थी, तभी पति ने कपड़े प्रेस करने वाली स्त्री को गर्म किया और सोती हुई पत्नी की पीठ, हाथ और चेहरे पर जगह-जगह दाग दिया। दर्द से तड़पती महिला चिल्लाती रही, लेकिन बेरहम पति ने उसकी एक नहीं सुनी। सुबह जब बच्चों ने कमरे का दरवाजा खोला, तो पीड़िता किसी तरह अपने भाई के घर पहुंची। बहन की हालत देखकर भाई तुरंत न्याय के लिए थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज कर ली और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
*सेकेंड बटालियन में पदस्थ है आरोपी*
इस मामले को लेकर एसडीओपी मनीष यादव ने बताया कि पीड़ित महिला अपने भाई के साथ माधवगंज थाने पहुंची थी। महिला के शरीर पर गर्म प्रेस से जलाए जाने घाव के निशान थे। आरोपी पति एसएएफ पुलिस का जवान है, जो ग्वालियर के सेकेंड बटालियन में पदस्थ है। घटना की गंभीरता को देखकर जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
