एक्सीडेंट की आड़ में सुपारी किलिंग, सौ से ज्यादा सीसीटीवी से खुला हत्या का राज

इंदौर. केट रोड पर 12 अप्रैल की रात मिला नवीन पाटीदार का शव अब सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया है. पोस्टमार्टम में गर्दन के पीछे गोली मिलने के बाद पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर खुलासा किया कि 15 लाख रुपए की सुपारी देकर हत्या कराई गई थी. इस साजिश में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी की भूमिका सामने आई है. पुलिस ने उज्जैन से तीन इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर 5 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं, जबकि मुख्य आरोपी पर 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं.

12 अप्रैल की रात केट रोड स्थित नखराली ढाणी के सामने नवीन पाटीदार का शव मिला था. शुरुआत में मामला एक्सीडेंट का लगने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया, लेकिन पोस्टमार्टम में गर्दन के पीछे गोली फंसी मिलने से हत्या का खुलासा हो गया. इसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की. घटनास्थल से कारतूस मिलने के बाद पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक पल्सर बाइक पर सवार तीन संदिग्ध नजर आए. घेराबंदी के दौरान भागते वक्त आरोपियों की बाइक खंभे से टकरा गई और वे घायल हो गए थे. पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी राहुल उइके उर्फ मराठा ने 15 लाख रुपए की सुपारी देकर हत्या करवाई. मृतक द्वारा पूर्व में की गई मुखबिरी के चलते राहुल बदला लेना चाहता था. इसी दौरान उसके मृतक की पत्नी भारती से अवैध संबंध हो गए, और दोनों ने मिलकर नवीन को रास्ते से हटाने की साजिश रची. राहुल ने मुकेश कुमावत को सुपारी दी, जिसने देवास के शूटर अजय धोलपुरिया और श्रीराम बलाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उज्जैन निवासी राहुल मराठा, शुभम मदरोशिया और राजू गुगले को गिरफ्तार कर लिया. तीनों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था. राहुल के पास से सुपारी की रकम में से 5 लाख रुपए बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार राहुल आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ 20 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं, वहीं शुभम पर भी एक दर्जन केस हैं.

 

अन्य आरोपियों की तलाश : डीसीपी

 

डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शुरुआत में मामला सड़क हादसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्या का खुलासा हुआ. सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया है. मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.

Next Post

नकली डेयरी उत्पाद मामले में किशन मोदी की जमानत पर फैसला सुरक्षित

Thu Jun 4 , 2026
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट के जस्टिस देवनारायण मिश्रा की एकलपीठ ने नकली डेयरी उत्पादों के निर्माण और बिक्री के आरोप के मामले में गिरफ्तार गायत्री फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर किशन मोदी की जमानत अर्जी पर सुनवाई पूरी कर ली है। जिसके बाद न्यायालय ने अपना आदेश सुरक्षित कर लिया है। […]

You May Like

मनोरंजन