
भोपाल। त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई का परिचय देते हुए डायल-112 के जवानों ने विदिशा जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र में सूखे कुएँ में परित्यक्त अवस्था में मिली नवजात बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई और समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।
10 अप्रैल को भोपाल स्थित राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ग्राम परसरी में एक सूखे कुएँ में अज्ञात व्यक्ति द्वारा छोड़ी गई नवजात बच्ची पड़ी है। सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरवी को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया तथा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
मौके पर पहुँचे आरक्षक नेतराम अहिरवार और पायलट नरेंद्र दांगी ने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत शासकीय अस्पताल कुरवाई पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल विदिशा रेफर किया गया।
यह घटना डायल-112 जवानों की सतर्कता और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाती है तथा कमजोर और जरूरतमंद नागरिकों की सुरक्षा के प्रति मध्यप्रदेश पुलिस की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
