दिग्विजय का ऐलान, उज्जैन से अयोध्या तक करेंगे पदयात्रा

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर से जुड़े चंदे और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के विरोध में उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा करने की घोषणा की है। यह पदयात्रा 2 अक्टूबर 2026 से बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से शुरू होगी।

शुक्रवार को भोपाल स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए दिग्विजय सिंह ने “चंदा चोरों का प्रवेश वर्जित” लिखे पोस्टर भी प्रदर्शित किए। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोगों ने राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे और चढ़ावे के साथ कथित रूप से अनियमितताएं कर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात किया है।

उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं ने दो बार उदारतापूर्वक सहयोग दिया, लेकिन अब प्रतिदिन मिलने वाले चढ़ावे का 10 से 20 प्रतिशत तक कथित रूप से गबन किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह न्यायालय में याचिका दायर कर अपने द्वारा दिए गए चंदे की राशि वापस मांगेंगे। यदि राशि वापस मिलती है तो उसे रामालय ट्रस्ट को दान करेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने उज्जैन में भी महाकाल मंदिर से जुड़े मामलों में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सुंदरलाल पटवा सरकार के दौरान संघ से जुड़े एक ट्रस्ट को महाकाल मंदिर के निकट आवंटित भूमि पर व्यावसायिक रूप से 100 कमरों वाला होटल विकसित किया गया, जहां श्रद्धालुओं से कथित तौर पर वीआईपी दर्शन के नाम पर शुल्क लिया जाता है।

दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी प्रस्तावित पदयात्रा पूरी तरह गैर-राजनीतिक होगी और इसमें किसी भी राजनीतिक दल का झंडा नहीं रहेगा। उन्होंने राम मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं से इस यात्रा में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान वह सोशल मीडिया का भी उपयोग नहीं करेंगे।

Next Post

मानसून मेहरबान, 12 रेनी डे में 233 एमएम बारिश 

Fri Jul 3 , 2026
सीहोर। मानसून इस बार जिले पर पूरी तरह मेहरबान नजर आ रहा है. गत 1 जून से 3 जुलाई के बीच जिले में 12 रेनी डे दर्ज किए जा चुके हैं. इस दौरान सीहोर शहर में करीब 6 इंच और सीहोर तहसील में 7 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है. जिले […]

You May Like