
रीवा, जिले के त्योंथर क्षेत्र में टमस नदी, बेलन नदी तथा नैना नदी के जल स्तर में लगातार वृद्धि हो रही है. पिछले 48 घंटों में हुई तेज बारिश के कारण नदियों का जल स्तर बढ़ रहा है. बेलन नदी पर बना डीह में बना पुल डूब गया है. दो दिन से हो रही बारिश के चलते जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों को लगाया जा रहा है, साथ ही मेडिकल टीम तैनात की गई है.
तराई अंचल में नदियों के जल स्तर में वृद्धि की सूचना मिलते ही कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरण सिंह ने अधिकारियों के साथ वर्षा से प्रभावित गांवों का दौरा किया. बेलन नदी के जल स्तर में वृद्धि के कारण डीह सहित सात गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया है. नैना और गुरमा का जल स्तर धीरे-धीरे घट रहा है जिससे पानी पुल से नीचे उतर गया है. कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक ने गाडऱपुर्वा, सोनौरी तथा अन्य गांवों का दौरा किया. कलेक्टर ने अधिकारियों को बाढ़ से राहत और बचाव के उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए.
कलेक्टर ने विभिन्न गांवों में आमजनों से भेंट कर वर्षा और बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली. कलेक्टर ने कहा कि नदी और नालों के जल स्तर में वृद्धि हो रही है. कोई भी व्यक्ति इनके समीप न जाए. आवश्यकता होने पर बाढ़ से सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं. राहत केन्द्रों में सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे. नाव के द्वारा भी नदियों को पार करने का प्रयास न करें.
कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को नदी के जल स्तर पर नजर रखने तथा ग्रामीणों को वर्षा और नदी के जल स्तर की लगातार जानकारी देने के निर्देश दिए. बाढ़ की स्थिति में राहत और बचाव के पूरे प्रबंध किए गए हैं. पुलिस अधीक्षक डा. गुरकरन सिंह ने पुलिस अधिकारियों को जलमग्न पुल और पुलिया पर आवागमन रोकने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपनी जान खतरे में डालकर गहरे पानी में न जाने दें. होमगार्ड्स और एसडीआरएफ की टीम को सतर्क रखें. आवश्यकता होने पर राहत और बचाव कार्य तत्काल करें. जल स्तर बढऩे के कारण डीह, कैथा, गंथा, बजरा, सोनौरी कटरा, बसहट तथा कठौली गांव प्रभावित हैं. इनमें अभी बाढ़ की स्थिति नहीं है. नदी का जल स्तर बढऩे पर बाढ़ का खतरा हो सकता है. रेरूआ और गाडऱपुर्वा गांवों में नैना नदी का जल स्तर बढऩे से जल भराव हो रहा है. निरीक्षण के समय एसडीएम त्योंथर राकेश चौरसिया, एसडीओपी, मनस्वी शर्मा, तहसीलदार राजेश तिवारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
त्योंथर विधायक ने एमपी-यूपी के अधिकारियों से की चर्चा
त्यौंथर विधानसभा क्षेत्र में बीती रात हुई लगातार बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात निर्मित होने पर त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी राज ने तत्काल स्थिति का संज्ञान में लेकर रीवा, मिर्जापुर, प्रयागराज संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की. विधायक सिद्धार्थ तिवारी राज ने रीवा कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर चर्चा कर उन्हें पूरी स्थिति पर नजर बनाए रखने एवं अलर्ट रहने के निर्देश दिए. साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रशासन को तत्पर रहने के निर्देश दिए. विधानसभा क्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्रों में उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए विधायक ने मिर्जापुर एवं प्रयागराज के कलेक्टरों से भी दूरभाष पर चर्चा की. विधायक स्वयं पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और संबंधित अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में हैं. उन्होंने विधानसभा क्षेत्रवासियों से अपील की कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें,नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. विधायक ने कहा कि आमजन की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा और आवश्यकता पडऩे पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
