कांग्रेस की जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान रैली 27 जनवरी को

भोपाल, 11 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस के ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ अभियान के तहत रैली का आयोजन मध्यप्रदेश के इंदौर के पास डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में 27 जनवरी को किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ पार्टी नेता राहुल गांधी भी शामिल होंगे।
कांग्रेस महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज यहां पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। इस अवसर पर विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार और अन्य पार्टी नेता भी मौजूद थे।
श्री सिंह और श्री पटवारी ने कहा कि पहले यह रैली 26 जनवरी को प्रस्तावित थी, लेकिन गणतंत्र दिवस संबंधी आयोजनों के चलते इसे 27 जनवरी को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस रैली के लिए प्रदेश स्तर पर भी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इसमें कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोग भी हिस्सा लेंगे।
श्री पटवारी ने कहा कि जिस तरह से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में डॉ अंबेडकर के बारे में शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनका “अपमान” किया है, उसे किसी भी हालत में उचित नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब तक श्री शाह इस मामले में माफी नहीं मांग लेते, यह अभियान चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि श्री शाह ने डॉ अंबेडकर का ही नहीं, देश के करोड़ों जनों का प्रतिनिधित्व करने वाले नेता का अपमान किया है। इसलिए उन्हें माफी मांगना ही होगी।
श्री जितेंद्र सिंह और श्री पटवारी ने आरोप लगाया कि देश में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हिटलरशाही और नाजीवाद के रास्ते पर चल रही है। यह दल संविधान की अनदेखी कर एक एजेंडा लागू करने का प्रयास कर रहा है और श्री शाह का बयान भी इसी का हिस्सा है। इसलिए ‘जय बापू, जय भीम और जय संविधान’ अभियान के तहत सभी को सच्चायी बताने का प्रयास किया जाएगा।
इसके पहले कल इस अभियान की तैयारियों के संबंध में यहां बैठक भी हुयी, जिसमें विस्तार से रणनीति बनायी गयी। इस दौरान तय किया गया कि अभियान के तहत महू में आयोजित होने वाली रैली में कम से कम एक लाख लोगों को बुलाया जाएगा।

Next Post

ज्ञानवान होने के साथ उसे आचरण में उतारना जरूरी - मंगुभाई

Sat Jan 11 , 2025
भोपाल,11 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि ज्ञानवान होने के साथ ज्ञान को आचरण में उतारना भी जरूरी है। श्री पटेल ने आज यहाँ कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर हॉल में आयोजित अटल बिहारी वाजपेयी हिन्दी विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह में उपस्थित अतिथियों और […]

You May Like