शादी का झांसा देकर अगवा करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग बरामद

सीधी। गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र बरामदगी हेतु पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित अभियान मुस्कान के अंतर्गत वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पिपराव पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने शादी एवं बेहतर जीवन का झांसा देकर अगवा की गई नाबालिग किशोरी को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार माह अप्रैल के प्रथम सप्ताह में चौकी पिपराव, थाना रामपुर नैकिन क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने किशोरी को शादी एवं सुनहरे भविष्य का प्रलोभन देकर अपने झांसे में लिया और बहला-फुसलाकर उसका अपहरण कर लिया। घटना के पश्चात आरोपी किशोरी को लेकर राज्य की सीमाएं पार कर महाराष्ट्र भाग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर लोकेशन पुणे (महाराष्ट्र) में प्राप्त की गई। चौकी प्रभारी पिपराव उनि शेषमणि मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के लिए रवाना होकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। सफल कार्रवाई के दौरान नाबालिग किशोरी को सुरक्षित दस्तयाब किया गया एवं आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर सीधी लाया गया, जहां उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। लगभग 1400 किलोमीटर दूर जाकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने में चौकी प्रभारी पिपराव उनि शेषमणि मिश्रा एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

इनका कहना है-

गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र खोज एवं सुरक्षित वापसी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘अभियान मुस्कान’ के तहत पुलिस टीमों को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। इस प्रकरण में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई कर नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया गया, जो टीम की प्रतिबद्धता और पेशेवर दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

संतोष कोरी, पुलिस अधीक्षक सीधी

Next Post

चोरी के सोने-चांदी का हब बना नीमच का मनासा शहर, पांच राज्यों की पुलिस की दबिश से मचा हडक़ंप 

Mon Apr 27 , 2026
मनासा। मध्यप्रदेश का नीमच जिला इन दिनों देश की विभिन्न पुलिस इकाइयों की रडार पर है। वजह है नीमच जिले का मनासा कस्बा, जो बीते कुछ वर्षों से अंतरराज्यीय चोरों के लिए चोरी के सोने-चांदी के आभूषण खपाने का ‘सुरक्षित ठिकाना’ (हब) बन गया है। शनिवार को राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, […]

You May Like