अमेरिका की परमाणु धमकी ‘बेहद बेतुकी बात’ : ईरान

तेहरान, 10 मई (वार्ता) ईरान ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कथित परमाणु हमले की चेतावनी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे “घृणित बेतुकापन” करार दिया है। ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह टिप्पणी अमेरिका की कथित ‘शांति की इच्छा’ से मेल नहीं खाती है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि यह “विकृत विडंबना” है कि अमेरिका एक ओर शांति और परमाणु संकट रोकने की बात करता है और दूसरी ओर “एक बड़ी चमक” जैसी भाषा का इस्तेमाल कर सैन्य धमकी देता है। श्री बकाई ने अपनी पोस्ट में हॉलीवुड फिल्म ‘डॉ. स्ट्रेंजलव’ का उल्लेख करते हुए अमेरिकी बयानबाजी का उपहास भी उड़ाया। यह प्रतिक्रिया श्री ट्रंप के उस बयान के बाद आई जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि ईरान के साथ युद्धविराम समाप्त होता है तो “आपको जानने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बस ईरान से उठती एक बड़ी चमक दिखाई देगी।” उन्होंने यह भी कहा था कि ईरान को समझौते पर जल्द हस्ताक्षर कर देने चाहिए, अन्यथा उसे “काफी दर्द” झेलना पड़ेगा। इस बीच, मॉस्को में विजय दिवस समारोह के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका-ईरान तनाव को “बेहद कठिन” स्थिति बताया और कहा कि रूस को उम्मीद है कि संघर्ष जल्द समाप्त होगा। श्री पुतिन ने कहा कि ईरान के परमाणु हथियार विकसित करने के कोई प्रमाण नहीं हैं और विवाद का समाधान कूटनीतिक तरीके से संभव है।

उन्होंने कहा कि रूस को ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है जिससे यह संकेत मिले कि ईरान परमाणु हथियार बना रहा है। उन्होंने यह भी दोहराया कि रूस अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की निगरानी में ईरान के यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम के प्रबंधन में सहयोग देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि रूस का प्रस्ताव ईरान के संवर्धित यूरेनियम को शांतिपूर्ण परमाणु उपयोग के लिए ईंधन रॉड में परिवर्तित करने पर आधारित है। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ईरान को युद्ध समाप्त करने के लिए प्रस्तावित 10 सूत्री समझौता ज्ञापन पर जवाब देने का इंतजार कर रहा है। इस प्रस्ताव में ईरान का परमाणु कार्यक्रम प्रमुख विवादित मुद्दों में शामिल है। अमेरिका ने अब तक रूस के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है। अमेरिका की मुख्य चिंता ईरान के लगभग 450 किलोग्राम 60 प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम भंडार को लेकर है, जिसे हथियार-स्तरीय 90 प्रतिशत संवर्धन से केवल एक तकनीकी कदम दूर माना जाता है। रिपोर्टों के अनुसार ईरान के पास लगभग 1,000 किलोग्राम 20 प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम और करीब 8,500 किलोग्राम 3.6 प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम भी मौजूद है।
रूस ने इस सामग्री को नागरिक रिएक्टरों के लिए ईंधन छड़ों में बदलने का प्रस्ताव रखा है।

Next Post

ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए कर रहा है 'मच्छर बेड़े ' का इस्तेमाल

Sun May 10 , 2026
मॉस्को, 10 मई (वार्ता /स्पुतनिक) ईरान रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए तेज गति से चलने वाली नौकाओं के एक बड़े नेटवर्क पर निर्भर है, जिसे “मच्छर बेड़ा” कहा जाता है। फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट में रक्षा विशेषज्ञों के हवाले से यह जानकारी […]

You May Like