
बड़वानी, एसपी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन मुस्कान के तहत अंजड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली। थाना प्रभारी रेवाराम चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने 3 अलग-अलग अपहरण प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 3 नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया। तीनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 18 जून, 7 जुलाई एवं 17 जुलाई 2026 को थाना अंजड़ में दर्ज शिकायतों में फरियादियों ने बताया था कि उनकी 17, 16 एवं 14 वर्षीय नाबालिग पुत्रियों को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। इस पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी संसाधनों की सहायता से लगातार तलाश की। अथक प्रयासों के बाद दो नाबालिग बालिकाओं को द्वारका गुजरात से तथा एक अन्य बालिका को अंजड़ से सकुशल बरामद किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद तीनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
पुलिस ने आरोपी अमर पिता छगन मानकर 20, सुरेश पिता तुकाराम बचनावा 25, निवासी मोहीपुरा तथा अजय पिता मगन मांडाले 20 निवासी शिवपुरी मोहल्ला अंजड़ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी रेवाराम चौहान, उनि ममता जमरा, मेहताब सिंह चौहान, प्रआर सुरेश पाटीदार, रघुवीर खोडे तथा योगेश पाटील सायबर सेल की भूमिका रही।
