
जबलपुर। सिहोरा के पालीवाल कॉलोनी में सड़क नहीं होने के कारण सुबह बच्चों को लेने पहुंची एक स्कूल बस कीचड़ में फंस गई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की मदद से बस को बाहर निकाला गया। इस बीच बच्चे आज स्कूल नहीं जा पाए।
खितौला नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-12 स्थित पालीवाल कॉलोनी में मेरिडियन स्कूल की बस (एमपी 20 जेड डब्ल्यू 7033) सुबह करीब 9 बजे बच्चों को लेने पहुंची थी। इसी दौरान दलदल बनी सड़क में बस का पहिया धंस गया और बस आगे नहीं बढ़ सकी। करीब ढाई घंटे की कोशिश के बाद ट्रैक्टर से टोचन कर बस को बाहर निकाला गया। इस कारण बस अपने अन्य निर्धारित स्टॉप तक नहीं पहुंच सकी। बहुत से बच्चे स्कूल नहीं जा पाए वहीं कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्वयं स्कूल छोड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी के इस हिस्से में अब तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। बारिश होते ही रास्ता कीचड़ और दलदल में बदल जाता है। उनका आरोप है कि हर साल यही स्थिति बनती है और स्कूल बसों सहित अन्य वाहन भी यहां फंसते हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।
