‘आप’ की जनसभा विफल, बहकावे में नहीं आएंगे झुग्गीवासी: सचदेवा

नयी दिल्ली,29 जून (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं पर झुग्गीवासियों को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि झुग्गीवासियों के नाम पर बुलायी गयी ‘आप’ की जनसभा पूरी तरह विफल साबित हुयी है, जिससे यह साबित हो गया है कि दिल्लीवासी अब उनके बहकावे में आने वाले नहीं हैं।

श्री सचदेवा ने आज यहां मीडियाकर्मियों से कहा कि ‘आप’ का नेतृत्व लगभग एक माह से भ्रम फैला रहा था, लेकिन आज की सभा में शामिल न होकर झुग्गीवासियों ने उनके इस झूठे अभियान को ना सिर्फ नाकार दिया। झुग्गीवासी ‘आप’ नेताओं से सवाल पूछ रहे हैं कि 10 साल तक सत्ता में रहने के दौरान ‘आप’ की सरकार ने झुग्गीवासियों को बेहतर जीवन देने के लिए क्या किया?

उन्होंने कहा कि लगभग पांच महीने हुए विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री नेता अरविंद केजरीवाल और ‘आप’ के अन्य नेता जब झुग्गीवालों के नाम पर एकत्र अपने कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री आवास में घुसने के लिए भड़का रहे थे, उस वक्त दिल्ली के झुग्गीवासी पूछ रहे थे कि श्री केजरीवाल बतायें कि उन्होंने 10 साल में खुद के लिए शीशमहल तो बनवा लिया, लेकिन गरीबों को नरेला बवाना में बने फ्लैट्स आवंटित क्यों नही किये?

उन्होंने श्री केजरीवाल दोहरे चेहरे वाले नेता करार देते हुए उन पर गरीब झुगगीवालों के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक बार फिर आप के नेताओं का अराजक और असंवैधानिक रूप देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि आप ने कोविड़काल में इन्ही झुग्गीवासी गरीबों को संरक्षण देने की जगह गांव भगाया था।

श्री सचदेवा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार नालों पर, रेल लाइनों के पास नारकीय जीवन जीने को मजबूर झुगगीवालों को बेहतर जीवन देने को कटिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हमने जिस तरह कालकाजी, जेलरवाला बाग, कलंदर कॉलोनी, कठपुतली कॉलोनी को पुनः बसाया है, उसी तरह आगे भी जहां झुग्गी वहां मकान अभियान के तहत झुग्गीवालों को नया जीवन देगी।”

Next Post

पाकिस्तान में वर्षा जनित हादसों में 38 लोगों की मौत, 63 घायल

Sun Jun 29 , 2025
इस्लामाबाद, 29 जून (वार्ता) पाकिस्तान में 26 जून को मानसून की शुरुआत होने के बाद से वर्षा जनित हादसों में कम से कम 38 लोगों की मौत हुयी है और 63 अन्य लोग घायल हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने शनिवार रात जारी एक बयान में कहा कि […]

You May Like