इंदौर: अमरावती पुलिस कंट्रोल रूम को बम से उड़ा देने की धमकी देने वाले संदिग्ध को खजराना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इंदौर से पकड़ लिया. अमरावती क्राइम ब्रांच की सूचना पर शहर में सक्रिय हुई पुलिस टीम ने नाहरशाहवाली दरगाह क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लेकर उसे अमरावती पुलिस के सुपुर्द कर दिया.थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि अमरावती क्राइम ब्रांच ने 29 नवंबर को इंदौर कंट्रोल रूम को बताया कि एक संदिग्ध मोबाइल नंबर से धमकी देने वाला व्यक्ति इंदौर में छिपा हो सकता है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी खजराना ने तुरंत टीम गठित कर बताए गए हुलिये वाले युवक की तलाश शुरू कर दी. सघन खोज के दौरान टीम ने नाहरशाहवाली दरगाह क्षेत्र से संदिग्ध को पकड़ा. उसकी पहचान हरीश उर्फ सोहेल शेख, पिता पांडुरंग धारवे, उम्र 33 वर्ष, निवासी शिवाजी नगर, थाना नांदगांव पेठ, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) के रूप में हुई. अमरावती पुलिस ने मनोज सिंह सेंधव को बताया कि 28 नवंबर को कंट्रोल रूम में आए कॉल में धमकी दी गई थी कि परिसर को बम से उड़ाया जाएगा जिसके तहत प्रकरण दर्ज कर संदिग्ध की तलाश की जाकर उसे हिरासत में लिए गए आरोपी को दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर अमरावती क्राइम ब्रांच को सौंप दिया. आगे की विवेचना अमरावती पुलिस कर रही है.
