कांग्रेस महात्मा गांधी नाम का उपयोग सिर्फ वोट पाने के लिए करती है-यादव

ग्वालियर, 26 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम का उपयोग वह सिर्फ वोट पाने के लिये करती है।

डॉ. यादव ने शनिवार को जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के अटल सभागार में संविधान गौरव अभियान के अंतर्गत आयोजित महासंगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने असली गांधी को भुला दिया और कांग्रेस के नेता नकली गांधी बन बैठे। कांग्रेस पार्टी ने लगातार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और उनके बनाए संविधान का अपमान किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब बापू, बाबा साहब और संविधान के नाम पर यात्रा निकाल रही है। कांग्रेस के नेताओं को तो इन तीनों के अपमान के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। पं. नेहरू के व्यवहार के कारण बाबा साहब को सम्मान नहीं मिला कांग्रेस के नेताओं को माफी यात्रा निकालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘गांधी’ का नाम उपयोग सिर्फ वोट पाने के लिए करती है। कांग्रेस बाबा साहब के नाम पर यात्रा निकालने का ढोंग कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति समरसता की रही है और जब-जब किसी ने हमारे देश पर, भारत की आत्मा पर प्रहार करने की कोशिश की है, तब देश ने उसका जवाब दिया है और उन चुनौतियों के बीच से ही रास्ता निकाला है। हमारी संस्कृति समरसता की है और उसकी विशेषता है कि वह हमें एक-दूसरे से जोड़ती है, नजदीक लाती है। आजादी के पहले कांग्रेस कुछ और थी, लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस पार्टी का व्यवहार बदल गया और उसने अपने ही नेताओं को भुला दिया। पं. मदनमोहन मालवीय ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना की और एक गुरुकुल के रूप में इस संस्थान का सनातन संस्कृति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। लेकिन कांग्रेस ने पं. मालवीय को भी भुला दिया। जिन बाबा साहब अंबेडकर ने देश को संविधान दिया, धारा 370 लगाने जैसे कुत्सित विचार का विरोध किया, उन बाबा साहब की राह में कांटे बिछाने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे गर्व है कि हमारी पार्टी ने शुरुआत से बाबा साहब डॉ. अंबेडकर, उनकी भावनाओं और उनके बनाए संविधान का सम्मान किया है। सत्ता में न होने पर भी हमारी पार्टी ने बाबा साहब के जीवन से जुड़ी 14 अप्रैल और 6 दिसंबर की तारीखों को हमेशा याद रखा। हमारी सरकार ने बाबा साहब को न सिर्फ उचित सम्मान दिया, बल्कि उनके जीवन से जुड़े पंचतीर्थों को संवारकर उनकी स्मृतियों को संजोने का भी प्रयास किया है।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि देश में संविधान 1950 में लागू हुआ और 57 साल कांग्रेस की सरकार रही। लेकिन कांग्रेस को कभी भी संविधान याद नहीं आया और न ही बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर याद आए। देश में संविधान तो था, लेकिन संविधान दिवस नहीं था, क्योंकि कांग्रेस संविधान दिवस मनाना नहीं चाहती थी, क्योंकि संविधान दिवस मनाएंगे तो बाबा साबह डॉ. भीमराव आंबेडकर का स्मरण होगा। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब के राजनीतिक और सामाजिक जीवन को समाप्त करने पर काम किया। राहुल गांधी को संविधान याद आ रहा है।

कार्यक्रम मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं प्रद्युम्न सिंह तोमर, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, श्रीमती माया सिंह, अनूप मिश्रा, पूर्व सांसद एवं प्रदेश चुनाव अधिकारी विवेक शेजवलकर, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी एवं महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्रीमती माया नारोलिया सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Next Post

युवक की हत्या के मामले में दो लोग गिरफ्तार

Sun Jan 26 , 2025
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email रतलाम, 26 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शिवगढ़ थाना क्षेत्र में चार दिन पूर्व हुई […]

You May Like

मनोरंजन