
इंदौर. खुड़ैल थाना क्षेत्र में रिटायर्ड जज रमेश गर्ग के बंगले और सिमरोल की एक टाउनशिप में हुई सिलसिलेवार चोरियों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. ग्रामीण पुलिस ने धार-टांडा इलाके से आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. शुरुआती जांच में सभी के पुराने आपराधिक रिकार्ड सामने आए हैं. पुलिस उनसे सख्ती से पूछताछ कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है.
कुछ दिन पहले कनाड़िया थाना क्षेत्र से लगे खुड़ैल में रिटायर्ड जज रमेश गर्ग के बंगले में लाखों की चोरी हुई थी. चोरी के फुटेज वायरल होने पर पुलिस भी हैरान रह गई थी. वीडियो में एक बदमाश जज के बेटे के बिस्तर के पास डंडा लेकर खड़ा नजर आ रहा था. यदि उस वक्त बेटा जाग जाता तो बड़ी वारदात हो सकती थी. इसी दिन सिमरोल थाना क्षेत्र की अमृत ग्रीन कॉलोनी में भी पांच व्यापारियों के घर चोरी हुई थी. दोनों घटनाओं में पुलिस को एक ही गिरोह के सक्रिय होने का शक था. सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए बदमाश अलग-अलग शहरों में चोरी की वारदातें कर चुके हैं. पुलिस के पास मिले फुटेज की शक्ल भी इनमें से कुछ से मिल रही है. अब माना जा रहा है कि रिटायर्ड जज के घर और टाउनशिप में हुई वारदातों का राज जल्द ही खुल जाएगा.
