
रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज ब्लॉक स्थित उमरिया में रविवार को 1800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बीईएमएल रेल हब फॉर मैन्युफैक्चरिंग इकाई का भूमिपूजन किया गया। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में इस परियोजना की नींव रखी। यह संयंत्र 60 हेक्टेयर में स्थापित होगा और दो वर्षों में पूर्ण होगा, जिससे 5000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज पूरा देश मध्यप्रदेश को आशा और विश्वास की नजरों से देख रहा है। यह इकाई ‘ब्रह्मा परियोजना’ के नाम से जानी जाएगी और इसमें रेल कोच सहित रेलवे के अन्य उत्पादों का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास में मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है, राज्य सरकार ने 48 हजार हेक्टेयर का भूमि बैंक तैयार किया है और अल्प समय में 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्राप्त किया है।
राजनाथ सिंह ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पहले हम अधिकतर रक्षा सामग्री आयात करते थे, लेकिन आज 24 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रक्षा सामग्री का निर्यात कर रहे हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने आतंकियों को उनके घर में घुसकर जवाब दिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह रेल हब औद्योगिक विकास की नई इबारत लिखेगा और प्रदेश को रक्षा निर्माण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाएगा। प्रारंभिक उत्पादन क्षमता 125–200 कोच प्रतिवर्ष होगी, जिसे पांच वर्षों में 1,100 कोच तक बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर के लिए हजारों एकड़ भूमि चिन्हित की गई है।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। यह परियोजना ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के उद्देश्यों के अनुरूप प्रदेश में औद्योगिक क्रांति का नया अध्याय जोड़ेगी।
