
रायसेन। औबेदुल्लागंज के तामोट पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को रायसेन के युवा छात्र नेता वरुण खत्री ने रायसेनवासियों की ओर से ज्ञापन सौंपा। इसमें ऐतिहासिक रायसेन दुर्ग स्थित सोमेश्वर धाम शिव मंदिर के ताले स्थायी रूप से खोलने और मंदिर परिसर के गेट पर “कृपया जूते-चप्पल बाहर उतारें एवं अनुशासन में रहें” का संकेत बोर्ड लगाने की मांग की गई। खत्री ने बताया कि पूर्व में भी यह मांग सोमेश्वर धाम मुक्ति मोर्चा सहित हिंदूवादी संगठनों द्वारा कई बार केंद्र एवं राज्य सरकार से की जा चुकी है। वर्तमान में मंदिर गेट पर संकेत बोर्ड न होने से कई पर्यटक बिना जूते-चप्पल उतारे प्रवेश कर जाते हैं और अनुशासनहीनता करते हैं। किला पुरातत्व विभाग के अधीन होने से स्थानीय स्तर पर बोर्ड नहीं लगाया जा सकता। ज्ञापन में बोर्ड लगाने, मंदिर के पट स्थायी रूप से खोलने और सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई, ताकि किले की देखरेख बेहतर हो सके।
