स्टंटबाजी पड़ी भारी: पेटलावद पुलिस ने तेज रफ्तार कार चालक पर की सख्त कार्रवाई, वसूला 9000 रुपये का जुर्माना

पेटलावद। थाना क्षेत्र में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हाल ही में पुलिस के पास एक कार (क्रमांक MP09WL9000) का वीडियो सामने आया था, जिसमें चालक अपने दोस्तों को गाड़ी में बैठाकर बीच सड़क पर खतरनाक स्टंट कर रहा था और तेज गति से वाहन चला रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और त्वरित एक्शन लेते हुए वाहन को ट्रेस कर पकड़ लिया।

गाड़ी पर लिखा ‘बॉस’ शब्द तत्काल हटवाया

जब पुलिस ने स्टंट करने वाली इस कार को पकड़ा, तो उसकी बॉडी पर ‘बॉस’ (Boss) भी लिखा हुआ पाया गया। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने और अनधिकृत रूप से लिखे गए इस शब्द को तत्काल प्रभाव से मौके पर ही हटवाया।

पुलिस अधिकारियों की सख्त चेतावनी

मामले की जानकारी देते हुए पेटलावद थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया और यातायात प्रभारी विवेक शर्मा ने बताया कि इस मामले में वाहन मालिक गौतम (पिता शांतिलाल राठौर, निवासी पेटलावद) के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 9,000 रुपये का चालानी जुर्माना वसूला है।

‘ऑपरेशन मर्यादा’ के तहत समझाइश और कार्रवाई

पेटलावद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मर्यादा’ के तहत गांधी चौक और अन्य प्रमुख मार्गों पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान तेज गति से वाहन चलाने वाले और यातायात नियमों को ताक पर रखने वाले अन्य चालकों को भी कड़ी समझाइश दी गई तथा मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Next Post

होटल-रेस्टोरेंट निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई

Sat Sep 19 , 2026
नीमच। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश के निर्देश तथा कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में होटल, रेस्टोरेंट एवं रिसॉर्ट के सघन निरीक्षण का अभियान जारी है। अभियान के तहत 17 एवं 18 सितंबर को खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। […]

You May Like