राष्ट्रीय खेल: केरल ने स्वर्ण जीता, उत्तराखंड ने दिल

नैनीताल, (वार्ता) उत्तराखंड में चल रहे राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत शुक्रवार को खेले गए फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में केरल उत्तराखंड को शिकस्त देकर चैंपियन बन गया।

हल्द्वानी के गौलापार अन्तराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मैच में केरल ने उत्तराखंड को 1-0 से हराया और स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया। बतौर मुख्य अतिथि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने फाइनल मैच का आनंद लिया।

मध्यांतर तक हुए जोरदार मुकाबले में दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर पाईं। मध्यांतर के बाद केरल ने पहला गोल दागा और अंत तक स्कोर 1-0 रहा।

उत्तराखंड ने जोरदार खेल दिखाते हुए स्कोर बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए लेकिन उसके खिलाड़ी असफल रहे। अंत में केरल विजयी रहा और 1-0 से खेल अपने नाम किया। इसी के साथ केरल ने स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि उत्तराखंड को रजत पदक मिला।

उत्तराखंड बेशक प्रतियोगिता नहीं जीत पाया हो लेकिन वह दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रहा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से राज्य में खेलों का बेहतर माहौल बन गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने हेतु और अधिक उत्साह से कार्य करेगी जिससे यहॉ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ सकें और राज्य का नाम रौशन कर सकें।

 

 

Next Post

एफआईएच हॉकी प्रो लीग में नीदरलैंड ने स्पेन को 2-1 से हराया

Sat Feb 8 , 2025
सिडनी, (वार्ता) नीदरलैंड की पुरुष हॉकी टीम स्पेन को 2-1 से हराकर तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। एफआईएच हॉकी प्रो लीग में गुरुवार को खेले गये मुकाबले में नीदरलैंड ने दूसरे मिनट में पेपिजन वैन डेर हेइज्डन ने एक बेहतरीन ड्रैग फ्लिक के साथ किये गये गोल […]

You May Like