15 जुलाई से शुरू होगा प्रदेशव्यापी नशामुक्ति अभियान

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस 15 से 30 जुलाई तक राज्यव्यापी नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” चलाएगी। अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए पुलिस मुख्यालय ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
पुलिस महानिदेशक ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि यह अभियान केंद्रीय गृह मंत्रालय के नारकोटिक्स कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट 2026-29 के अनुरूप संचालित होगा, जिसमें मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, सिंथेटिक ड्रग्स पर नियंत्रण, नशे की मांग में कमी, जन-जागरूकता तथा विभिन्न विभागों के समन्वय पर विशेष जोर रहेगा।
उन्होंने प्रत्येक जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में बहु-विभागीय कोर समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं, जिसमें सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, स्कूल एवं उच्च शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, आबकारी, नगरीय प्रशासन, पंचायत, श्रम, उद्योग तथा जनसंपर्क विभाग शामिल होंगे।
अभियान के दौरान नशामुक्ति रैली, रन, शपथ कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेजों में व्याख्यान, नुक्कड़ नाटक, मानव श्रृंखला, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिताएं, प्रेरक कार्यक्रम तथा बाजारों, धार्मिक स्थलों, कारखानों और जेलों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नारकोटिक्स) डी. श्रीनिवास वर्मा ने बताया कि अभियान का समापन 30 जुलाई को जिला स्तरीय कार्यक्रमों के साथ होगा, जिनमें जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक भी भाग लेंगे।

Next Post

हाईकोर्ट ने कोर्ट स्लिप के दुरुपयोग पर कसा शिकंजा

Fri Jul 10 , 2026
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट ने कोर्ट स्लिप के जरिए मामलों की लिस्टिंग कराने की अपारदर्शी व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने निर्देश दिए हैं कि अब प्रत्येक कोर्ट स्लिप पर संबंधित अधिवक्ता का पूरा नाम, एनरोलमेंट नंबर और मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य होगा। इस संबंध में सभी अधिवक्ताओं को […]

You May Like