खेल निधि की लूट गिराती है खिलाड़ियों का मनोबल, हेराफेरी को रोके सरकार : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 22 मई (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि खिलाड़ियों के लिए बनी राष्ट्रीय खेल विकास निधि (एनएसडीएफ) का इस्तेमाल आईएएस अधिकारियों के आवासों और वेलफेयर एसोसिएशनों में खेल परिसरों के निर्माण पर किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल गिर रहा है और सरकार को इस कथित हेराफेरी को तत्काल रोकना चाहिए।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि अगस्त 2025 में शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने यह मुद्दा उठाया था कि एनएसडीएफ में दान किए गए धन का इस्तेमाल आईएएस अधिकारियों के आवासों और वेलफेयर एसोसिएशनों में खेल परिसरों के निर्माण पर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एक पत्रकार की जांच में बाबुओं के लिए बनाई गई आलीशान खेल सुविधाओं का खुलासा हुआ है। इन परियोजनाओं को उसी फंड से वित्तपोषित किया गया, जिससे टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम को सहायता मिलती है, जो ओलंपिक पदक जीतने की संभावना रखने वाले देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों को सहयोग देने के लिए सरकार की प्रमुख योजना है।

श्री रमेश ने कहा कि ऐसे समय में जब देश ओलंपिक की मेजबानी की उम्मीद कर रहा है, इस तरह की “छोटी-छोटी लूट” खिलाड़ियों का मनोबल गिराती है। उन्होंने कहा कि फंड के इस्तेमाल के तरीके को देखते हुए एनएसडीएफ को मिलने वाला दान वित्त वर्ष 2023-24 में 85.26 करोड़ रुपये से घटकर वित्त वर्ष 2025-26 में 37.02 करोड़ रुपये रह गया है।

उन्होंने कहा कि इस फंड का संचालन एक परिषद करती है, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय खेल मंत्री करते हैं, इसलिए स्थिति को सुधारना अब उनकी जिम्मेदारी है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पहले संसदीय समिति को यह कहकर खारिज किया गया कि उसमें विपक्ष के सदस्य हैं, लेकिन अब खेल मंत्रालय को सुधारात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।

 

 

Next Post

भोपाल ननि: नए मुख्यालय का लोकार्पण हुए 14 दिन बीते, अधूरा काम देख माता मंदिर से ही सरकार चला रहे अध्यक्ष

Fri May 22 , 2026
भोपाल: भोपाल नगर निगम के नए मुख्यालय अटल भवन के लोकार्पण को 14 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अधूरे कामों के चलते निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी अब भी माता मंदिर स्थित पुराने कार्यालय से ही कामकाज संचालित कर रहे हैं. अटल भवन का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दो सप्ताह पहले किया […]

You May Like