अमेरिकाः गोलीबारी में इजरायली दूतावास के दो कर्मचारियों की मौत

वाशिंगटन, 22 मई (वार्ता)अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में ‘कैपिटल यहूदी म्यूज़ियम’ के पास बुधवार शाम हुई गोलीबारी में इजरायली दूतावास के दो कर्मचारी मारे गए।
अमेरिका की गृह सुरक्षा मंत्री क्रिस्टी नोएम ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”हम सक्रिय रूप से जांच कर रहे हैं और इस घटना की अधिक जानकारी जुटाई जा रही हैं।” मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गोलीबारी लिलियन और अल्बर्ट स्मॉल ‘कैपिटल यहूदी म्यूज़ियम’ के पास हुई। संदिग्ध इलिनॉय प्रांत के शिकागो का 30 वर्षीय एलियास रोड्रिगेज है।
पुलिस प्रमुख पामेला स्मिथ ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हिरासत में लिए जाने पर संदिग्ध ने ‘फ़्री फ़िलिस्तीन’ चिल्लाया।
अमेरिका में इजरायल के राजदूत येशिएल (माइकल) लेटे ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गोलीबारी में मारे गए दो लोग जोड़ा थे, जो सगाई की तैयारी कर रहे थे। दूतावास के प्रवक्ता ताल नाइम कोहेन ने पुष्टि की कि दोनों को पास से तब गोली मारी गई, जब वे म्यूज़ियम कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे।
अमेरिकी यहूदी समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टेड ड्यूच ने बयान में कहा कि उस शाम उनकी संस्था म्यूज़ियम में कार्यक्रम आयोजित कर रही थी।
इजरायली दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें स्थानीय और संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर पूरा विश्वास है कि वे आरोपी को पकड़ेंगे तथा अमेरिका में इजरायल के प्रतिनिधियों और यहूदी समुदायों की सुरक्षा करेंगे।
संयुक्त राष्ट्र में इजरायल के राजदूत डैनी डैनोन ने कहा,“यहूदी समुदाय को नुकसान पहुंचाना एक रेड लाइन को पार करना है।” इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ‘एक्स’ पर लिखा कि वह ‘वाशिंगटन में हुईं इन हत्याओं’ का विरोध करते हैं, जो स्पष्ट रूप से यहूदी विरोधी भावना पर आधारित हैं।

Next Post

ट्रम्प प्रशासन ने प्रवासियों के निर्वासन में अदालत की अवहेलना की

Thu May 22 , 2025
वाशिंगटन, 22 मई (वार्ता) अमेरिका की एक अदालत ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन ने प्रवासियों को साउथ सूडान वापस भेजने का प्रयास करके उसके पिछले आदेश का उल्लंघन किया है। जिला न्यायाधीश मर्फी ने बुधवार को एक सुनवाई में कहा कि प्रशासन ने उनके अप्रैल में […]

You May Like