भोपाल, 21 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के बिछिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक नारायण सिंह पट्टा के परिजनों के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में आज नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी को सौंपे ज्ञापन में हाल में घटित घटना का विवरण सौंपते हुए दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नेता प्रतिपक्ष श्री सिंघार ने डीजीपी कार्यालय में डीजीपी को पूरी घटना की जानकारी दी और ‘दोषी’ एस.डी.एम. आकिब खान को तत्काल बर्खास्त करके उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की।
श्री सिंघार ने आरोप लगाया है कि भाजपा के राज में अधिकारों का हनन हो रहा है। एक अधिकारी ने विधायक के परिजनों से मारपीट की और उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि उल्टा हमारे विधायक के परिजनों पर ही मामला दर्ज कर लिया गया। श्री सिंघार ने कहा कि सरकार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन जब कुछ नहीं हुआ, तब कांग्रेस विधायक अपनी आपत्ति दर्ज कराने आज डीजीपी कार्यालय पहुंचे हैं। अब इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता मुख्य सचिव से भी मुलाकात कर दोषी आईएएस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष श्री सिंघार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री पटवारी के अलावा कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य कमलेश्वर पटेल, विधायक सर्वश्री नारायण पट्टा, सचिन यादव, सुनील उईके, अभय मिश्रा, राजकुमार दोगने और चैनसिंह बरकड़े भी मौजूद रहे।
पिछले दिनों महाकौशल अंचल के बिछिया क्षेत्र में एक अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) द्वारा कांग्रेस विधायक श्री पट्टा के परिजनों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में फिलहाल कांग्रेस मुखर लग रही है।

