सीहोर। आबकारी विभाग की अलग-अलग टीमों ने जिले के विभिन्न गांवों में दबिश देकर कुल 7 प्रकरण दर्ज किए और बड़ी मात्रा में अवैध शराब एवं महुआ लाहन जब्त किया.
जिला आबकारी अधिकारी राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि आष्टा, सीहोर, बुदनी एवं भैरूंदा क्षेत्र में कार्रवाई की गई. जावर में दबिश देकर 15 पाव देशी मदिरा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया. वहीं शिकारपुर में 10 लीटर कच्ची शराब जब्त कर एक आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गई. इसी तरह ग्राम बागलीखेड़ा में किराना दुकान पर दबिश देकर 28 पाव देशी मदिरा, 2 पाव विदेशी मदिरा एवं 2 बोतल बीयर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया. ग्राम पुरी में 6 लीटर कच्ची मदिरा जब्त की गई. इसके अलावा सिंहपुर एवं सिंहपुर पठार में तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 1200 किलो महुआ लाहन एवं 30 लीटर कच्ची मदिरा जब्त की गई. मौके से आरोपी फरार हो गए. उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया. विभाग द्वारा जब्त महुआ लाहन को नष्ट किया गया तथा मदिरा को कब्जे में लिया गया. इस कार्रवाई में कुल 7 प्रकरण दर्ज कर 1 लाख 33 हजार 440 रुपए की अवैध शराब जब्त की गई.
